कृपा शंकर सिंह को भाजपा का टिकट मिलने से उत्साहित हैं लोग

महाराष्ट्र में रह चुके हैं गृह राज्य मंत्री

0 37

जेड हुसैन (बाबू)
मुंबई में करते हैं उत्तर भारतीयों का प्रतिनिधित्व
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी से लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी के रूप में उतारे गए कृपा शंकर सिंह किसी परिचय के मोहताज नहीं है। वे लगभग चार दशकों से महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में उत्तर भारतीयों की आवाज बुलंद करने वाले नेता हैं। वे जौनपुर जनपद के सहोदरपुर गांव के मूल निवासी हैं और मुंबई में उन्होंने कांग्रेस पार्टी के माध्यम से राजनीति में पदार्पण किया था। कांग्रेस के विभिन्न पदों पर रहते हुए वह विधान परिषद के सदस्य चुने गए। बाद में विधायक एवं गृह राज्य मंत्री बने। मुंबई में भी यहां से कोई व्यक्ति दवा इलाज अथवा पुलिस से संबंधित कोई समस्या लेकर उनके पास गया तो उसे कभी निराश नहीं होना पड़ा। महाराष्ट्र में रहकर जौनपुर की समस्याओं के निराकरण में कृपा शंकर सिंह सदैव प्रयत्नशील रहे। जौनपुर के विभिन्न साहित्यिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए वह मुंबई से भागे चले आते थे। जौनपुर के अनेक साहित्यकारों को मुंबई में उनके द्वारा सम्मानित किया गया और अनेक पुलों सड़कों और रेलगाड़िया की सुविधा दिलाने के लिए कृपा शंकर सिंह प्रदेश एवं केंद्र सरकार में बैठे लोगों से पैरवी की। जिले को कई सुविधाएं दिलाने में वे कामयाब भी रहे। जिले के महाराजगंज और बक्सा थाना क्षेत्र के बीच काफी दूरी थी। कानून व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस को और जनता दोनों को परेशानी झेलनी पड़ती थी। कृपा शंकर सिंह के प्रयास से महाराजगंज और बक्सा के बीच स्थित तेजी बाजार में थाना स्थापित हो सका। कांग्रेस में रहते हुए भी उन्होंने राष्ट्रीय हित के मुद्दों दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सच्चाई का साथ दिया। जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के मामले में कृपा शंकर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खुलकर समर्थन किया। यह कांग्रेस नेतृत्व को बर्दाश्त नहीं हुआ तो कृपा शंकर सिंह पार्टी से अलग हो गए। बाद में प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। कृपा शंकर सिंह के नेतृत्व क्षमता का आकलन करते हुए उन्हें पार्टी ने महाराष्ट्र इकाई का उपाध्यक्ष बना दिया गया। भाजपा द्वारा जौनपुर से उन्हें लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने के समाचार से यहां के लोग उत्साहित हैं। तिलकधारी महाविद्यालय के छात्रों प्राध्यापक को एवं कर्मचारियों में खुशी की लहर है। लोग बताते हैं कि तिलकधारी महाविद्यालय के अनेक कार्यक्रमों में वे भाग लेते थे। कृपा शंकर सिंह वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कार्य समिति के सदस्य भी रह चुके हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने छात्रों के हित में कई प्रस्ताव पारित कराया। जौनपुर से सटे मदारपुर गांव में कृपा शंकर सिंह का ननिहाल है वहां रहते हुए उन्होंने टीडी कॉलेज से शिक्षा ग्रहण की थी। मदारपुर गांव समेत शुभ चिंतक भाजपा का टिकट मिलने की सूचना से आस पास के क्षेत्र में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.